अमृतसरI अमृतसर में एक 19 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके पिता ने हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद पिता ने घर के पीछे करीब तीन फीट गहरे गड्ढे में शव दफना दिया। मामला मटेवाला थाना क्षेत्र का है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब युवती की मां सरबजीत कौर को बेटी के अचानक फोन का जवाब न देने पर शक हुआ। मां के मुताबिक, 31 अगस्त को नवनीत कौर ने उन्हें फोन कर बताया था कि उसके पिता घर के पीछे की तरफ गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद मां का बेटी से संपर्क नहीं हो सका।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति अपनी बेटी के चरित्र को लेकर शक करता था और अक्सर उसके साथ झगड़ा करता था। उसने आरोप लगाया कि पति ने नवनीत को धमकी भी दी थी और घर छोड़कर जाने के लिए कहा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




