मोहाली। हिमाचल में हुए बाइक हादसे में घायल पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नाजुक बताया है।
अस्पताल से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, राजवीर जवंदा को वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिमाग की स्थिति बेहद चिंताजनक है। MRI स्कैन में हाइपोक्सिक बदलाव पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उनके शरीर में पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पा रही है। यह स्थिति शरीर के कई अंगों के लिए खतरा बन सकती है।
डॉक्टरों ने बताया कि रीढ़ की हड्डी की जांच में भी गंभीर चोटें सामने आई हैं। उनकी गर्दन और पीठ के हिस्से में गहरी चोटें आई हैं, जिसकी वजह से उनके हाथ और पैर काफी कमजोर हो गए हैं। यही कारण है कि उन्हें लंबे समय तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखना पड़ रहा है।
फिलहाल न्यूरोसर्जरी और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम 24 घंटे लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि अगले कुछ दिन उनके स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद अहम होंगे।